कानपुर के पास बृहस्पतिवार शाम को एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद कुछ ट्रेनों को रूट डायवर्ट करके भेजा गया। जबकि गोमती एक्सप्रेस और आम्रपाली एक्सप्रेस को इटावा के पास रोका गया है।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक कानपुर में हुई इस घटना का असर गाजियाबाद पर भी पड़ा है। स्टेशन अधीक्षक लियाकत अली के मुताबिक इस घटना के बाद कुछ ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है। ट्रेनों को अलीगढ़ रूट पर न भेजकर मुरादाबाद रूट से निकाला गया है।
वैशाली एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस को डायवर्ट करके मुरादाबाद से निकाला गया है। वहीं लखनऊ जाने वाली गोमती एक्सप्रेस और अमृतसर-कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस को इटावा के पास रोका गया। लखनऊ से आने वाली गोमती एक्सप्रेस जो गाजियाबाद में बृहस्पतिवार दोपहर 2.20 बजे पहुंचनी थी, वह भी कई घंटे लेट है।
जबकि अमृतसर-कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस को बृहस्पतिवार देर रात 2 बजे पहुंचना था, यह भी काफी लेट चल रही है। उधर, कोहरे की वजह से ब्रह्मपुत्र मेल और शुक्रवार को आने वाली फरक्का एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
वहीं सचखंड एक्सप्रेस, केरला एक्सप्रेस, एपी एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस, दक्षिण एक्सप्रेस, विशाखापटनम लिंक एक्सप्रेस दो से आठ घंटे देरी से चल रही हैं।