साहिबाबाद। कोतवाली क्षेत्र के ओम सरस्वती अपार्टमेंट में चोर ने एक फ्लैट की ग्रिल तोड़ने के बाद मां-बेटी को नशे का पदार्थ सुंघाकर हीरे और सोने के आभूषण समेत पांच लाख की चोरी कर ली। घटना 19 और 20 सितंबर की रात की है। सुबह साढ़े छह बजे होश आने पर दोनों ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। आरोप है कि चोर सर्विस रोड से लोहे की ग्रिल तोड़कर फ्लैट में घुसा था। पुलिसकर्मी कड़ी सुरक्षा के लिए फ्लैट के आसपास हूटर बजाकर गश्त कर रहे थे जबकि, चोर फ्लैट में अलमारी का सामान खंगाल रहा था। चोर सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
राधेश्याम पार्क के अपार्टमेंट में रहने वाली आंचल गुप्ता ने बताया कि बेटी सुगंदा एक कॉर्पोरेट कंपनी में कंसल्टेंट हैं, जबकि वह गृहणी हैं। दोनों फ्लैट में अकेले रहती हैं। 19 सितंबर की रात खाना खाने के बाद दोनों कमरे में सो गईं। देर रात चोर सर्विस रोड से लोहे की ग्रिल तोड़कर अंदर फ्लैट में घुस गया। उसके बाद उनके कमरे का गेट खोलकर दोनों को नशे का पदार्थ सुंघाकर बेसुध कर दिया। उसके बाद दोनों काे कुछ पता नहीं चला। सुबह साढ़े छह बजे उन्हें होश आया तो बेटी को भी काफी आवाज देकर उठाया। शक होने पर दोनों दूसरे कमरे गईं तो देखा कि वहां अलमारी का सामान बाहर बिखरा पड़ा था। लॉकर खोलकर उसमें से हीरे की दो ईयररिंग, छह जोड़ी कानों की सोने की बाली (झुमकी), चांदी के लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, एक लाख रुपये नकद और आर्टिफिशियल सामान गायब था। दोनों सर्विस रोड की तरफ गईं तो देखा कि लोहे की ग्रिल टूटी पड़ी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्रित किए। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर चोर को पकड़ने की मांग की।
पुलिस बजाती रही हूटर, चोर करता रहा घर में चोरी :
पीड़िता ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम को अपार्टमेंट के पास एक मकान में लगा सीसीटीवी मिला है। फुटेज से पता चला कि चोर रात 12:38 बजे फ्लैट में घुसा था जबकि, ढाई बजे करीब वह कंधे पर सफेद रंग के बैग में सामान ले जाता हुआ नजर आया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लैपर्ड पर दो पुलिसकर्मी रात दो बजे हूटर बजाकर गश्त कर रहे थे जबकि, सीसीटीवी कैमरे में चोर ढाई बजे भागता हुआ कैद हुआ।
पीड़िता ने बताया कि चोर ने अलमारी के अलावा दूसरे कमरे में रखे फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान को नहीं छुआ था। सुबह घर में सिर्फ एक कमरे के अंदर सामान बिखरा मिला था। ऐसे में पुलिस को शक है कि घटना के पीछे किसी जानकार का हाथ हो सकता है।
एसीपी रजनीश उपाध्याय का कहना है कि चोर को तलाशने के लिए टीम जुटी है। फुटेज से अहम सुराग मिला है। लोकेशन ट्रेस कर चोर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।