सिंभावली। क्षेत्र के गांव सिखैड़ा निवासी मनीष ने थाने में तहरीर दी है। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने करीब एक साल पहले अपना मिनी ट्रक पिलखुवा क्षेत्र के अशोक नगर निवासी युवक को दो लाख 20 हजार रुपये में बेचा था। वाहन बेचने के दौरान उसकी बची हुई किस्त भी आरोपी द्वारा ही जमा कराए जाने की बात तय हुई थी।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी युवक ने एक साल बीतने के बाद भी वाहन की रकम का भुगतान नहीं किया है। इसके अलावा आरोपी ने ऋण की किस्त भी जमा नहीं कराई। जिस कारण वाहन अभी भी उन्हीं के नाम से चलाया जा रहा है। आरोपी और उसके साथ काम करने वाले चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, जिसका चालान भी उसे ही भुगतना पड़ता है। शिकायत करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। पीड़ित ने आरोपी को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस का कहना है मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।