साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के जनकपुरी में रहने वाले युवक को उसके दोस्त घर से बुलाकर ले गए। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोस्तों ने उनके बेटे को पहले नशीला पदार्थ पिलाया फिर उसके साथ मारपीट की।
रजनी पत्नी बलवंत सिंह निवासी जनकपुरी ने बताया कि उनके घर उनके बेटे करण को बुलाने के लिए दोस्त शिब्बू, रमन, रॉकी, ऋतिक और मिशुन आए। वह उनके बेटे को घर से बुलाकर ले गए। आरोप है कि दोस्तों ने उनके बेटे को नशीला पदार्थ का सेवन कराया। उसके बाद सभी ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद उनके बेटे को हनुमान मंदिर के पास फेंक कर चले गए। उन्होंने बेटे को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने शुक्रवार को शालीमार गार्डन थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।