गाजियाबाद। राधाकुंज कालोनी में प्रॉपर्टी डीलर कुलदीप त्यागी और उनकी पत्नी अंशु त्यागी के शवों के पोस्टमार्टम के बाद हिंडन मोक्षधाम पर करीब तीन बजे दाह संस्कार किया। बेटे वैभव ने दोनों को मुखाग्नि दी। वहीं, चर्चा है कि दंपती की मौत से एक घंटे पहले उनसे एक युवक मिलने आया था। कुलदीप त्यागी और अनजान व्यक्ति के बीच काफी देर तक बातचीत भी हुई।
दंपती की मौत के बाद सैकड़ों लोग पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे। लोगों ने बताया कि कुलदीप काफी मिलनसार और हसमुख व्यक्ति थे। बताया कि चार साल पहले कुलदीप पर जानलेवा हमला हुआ था। इस दौरान कुलदीप के पैर में गोली मार दी गई थी। हालांकि इस मामले में दोनों पक्षों में समझौता होने के कारण पुलिस कार्रवाई नहीं की गई थी। लोगों ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 11 बजे हुई घटना से पहले आसपास क्षेत्र का ही एक व्यक्ति उनसे मिलने आया था। कुलदीप और व्यक्ति के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इसके बाद कुलदीप अपने कमरे में चले गए और एक घंटे बाद दंपती की मौत हो गई। हालांकि कुलदीप को कैंसर है इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुलदीप के पिता चंदस्वरूप से थाने में लाइसेंसी रिवाल्वर से बेटे और बहू की मौत होने और अन्य किसी का दोष न होने की बात लिखकर दी है।