कौशांबी। वैशाली के एक मॉल स्थित बार में मंगलवार रात दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। बिल की राशि मांगने पर करीब 25-30 लोगों ने बार मालिक, मैनेजर और कर्मचारियों से मारपीट की। आरोपियों पर कर्मचारियों की सैलरी और गल्ले में रखे पांच लाख रुपये भी लूटने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
दिल्ली के तिलक नगर निवासी पीड़ित सुधीर जायसवाल ने थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके बार में लोनी के समीर और सुहान अक्सर अपने साथियों के साथ आते थे। ये लोग पार्टी के बाद बिल मांगने पर बदतमीजी करते थे। इसी कारण उन्होंने दोनों की क्लब में एंट्री बैन कर दी थी। मंगलवार रात करीब 11 बजे बार बंद होने की तैयारी चल रही थी। उसी समय दोनों आरोपी 25-30 लोगों के साथ जबरन घुस आए। रोकने पर बाउंसरों से मारपीट की और क्लब बंद कर दिया। उनके ऑफिस में घुसकर अवैध पिस्टल दिखाकर डराया धमकाया। बीच बचाव करने आए मैनेजर सुरेंद्र व सहयोगी प्रदीप को भी पीटा। इस दौरान उनकी आंख में चोट आई है। जाते समय आरोपियों ने सैलरी और गल्ले में रखे पांच लाख रुपये भी लूट लिए और प्रदीप का फोन भी तोड़ दिया। वहीं, एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है।