गाजियाबाद। शहर में साया गोल्ड एवेन्यू सोसायटी अकेली नहीं है, जहां दूषित पानी की आपूर्ति की जा रही हो। यह समस्या हर छठी सोसायटी की है। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दो साल में 136 में पानी के नमूने लिए हैं। इनमें 24 फेल हुए हैं। इन सभी मामलों में कार्रवाई के नाम पर सिर्फ नोटिस जारी किए गए। अब साया गोल्ड एवेन्यू का मामला आने पर सभी सोसायटी में एक बार फिर से पानी की जांच कराने की तैयारी की जा रही है।
साया गोल्ड एवेन्यू से पहले अप्रैल 2021 में एनएच-9 स्थित महागुनपुरम में दूषित पानी पीने से 100 से ज्यादा बच्चे बीमार पड़ गए थे। पानी की जांच कराई गई। यह दूषित मिला। लेकिन, आरडब्ल्यूए को नोटिस जारी करने से आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई। इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली, शालीमार गार्डन राजनगर एक्सटेंशन और क्राॅसिंग रिपब्लिक की सोसायटियों में भी पानी के नमूने फेल हो चुके हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि जिन 24 सोसायटी के पानी के नमूने फेल हुए, उन सभी की एओए और बिल्डर को नोटिस जारी किया गया था। उनकी ओर से नोटिस के बाद भी पानी की गुणवत्ता में सुधार करने का प्रयास नहीं किया गया। प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी गई थी।
दर्ज होगी रिपोर्ट
जिला सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि सभी सोसायटियों पानी की आपूर्ति के लिए क्लोरीन डोजियर की जांच की जाएगी। अगर कहीं पर डोजियर चलता नहीं मिला तो आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और बिल्डर को तीन दिन का समय दिया जाएगा। इसके बावजूद डोजियर सक्रिय नहीं हुआ तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
इनके नमूने हुए फेल
स्वर्णजयंतीपुरम, कामदगिरी कौशांबी, विंध्याचल, सुमेरू टावर, शिप्रा रिवेरा,गोल्फ लिंक, सेवीविला डे और फाॅरच्यून सहित 24 सोसायटी के नमूने फेल मिले। जिला सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि कई जगह टंकी की सफाई नहीं कराए जाने के बाद जीवाणु पनप गए। कुछ मामलों में सीवर और पानी की लाइन बराबर में थी और दोनों में लीकेज था।
वसुंधरा : सेक्टर-छह में बदबूदार
नौ और 14 में मिला ही नहीं पानी
30,000 लोगों ने झेला संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
वसुंधरा। इंदिरापुरम की साया गोल्ड एवेन्यू में दूषित पानी की आपूर्ति का मामला अभी चल ही रहा है कि मंगलवार को वसुंधरा के सेक्टर छह में लोगों को बदबूदार पानी मिला। इसका लोगों ने इस्तेमाल ही नहीं किया। उनका कहना था कि अगर इस पानी की पी लेते तो साया गोल्ड की तरह ही यहां भी कई लोग बीमार पड़ जाते।
वन मार्ट शाॅपकीपर्स वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष भूपेंद्र नाथ ने बताया कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। किसी दिन पानी मिलता ही नहीं है तो किसी दिन पांच-दस मिनट के लिए मिलता है। पहले भी कई बार बदबूदार पानी आ चुका है। इसकी शिकायत भी की लेकिन नगर निगम में कोई सुनवाई नहीं हुई।
उधर, सेक्टर नौ और 14 में पानी की सप्लाई ही नहीं हुई। लोग दिन निकलते ही बाल्टी लेकर निकले। कोई पड़ोसी के सबमर्सिबल से भरकर लाया तो किसी ने बोतलबंद पानी खरीदा। दोनों सेक्टर के करीब 30 हजार लोगों को यह संकट झेलना पड़ा। गर्मी आते ही समस्या बढ़ गई है। सप्ताह में दो से तीन दिन ऐसा ही हो रहा है। लोगों का कहना है कि पाइप लाइन में लीकेज है। इसे ठीक नहीं कराया जा रहा है। नगर निगम के जेई सोमेंद्र तोमर का कहना है कि शिकायत मिली है। पाइपलाइन की जांच कराई जा रही है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।