फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहे सपा नेता

Thu, 04 Aug 2016 01:27 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला वैशाली
विज्ञापन
बुलंदशहर गैंगरेप पीड़िता का पिता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 बुलंदशहर गैंगरेप मामले में प्रदेश कैबिनेट मंत्री आजम खान के विवादित बयान के बाद अब सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं पर पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने का आरोप लगा है।
विज्ञापन

गैंगरेप पीड़ित किशोरी के चाचा का आरोप है कि कुछ सपा नेता बुधवार शाम पीड़िता के घर पहुंचे।

उनके साथ उनके बाउंसर भी घर में जा घुसे। घटना के बाद से बीमार किशोरी और उनकी मां के सामने ही नेताओं ने उन्हें लखनऊ चलने को कहा। इस दौरान पीड़िता काफी परेशान दिखाई दी। इसके बाद पीड़िता के पिता को वह ऑफिस ले गए।

वहां उन पर लखनऊ जाने का दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, सपा नेताओं ने पीड़िता के पिता को कुछ प्रलोभन भी दिए। हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनकी सिर्फ एक ही मांग है कि आरोपियों को फांसी दी जाए। इसके अलावा वह और उनका परिवार किसी प्रकार की मदद प्रदेश सरकार से नहीं चाहता है।
विज्ञापन


नेताओं ने पीड़िता के पिता को कुछ देर बाद घर छोड़ दिया। घर आकर भी उन्हें लखनऊ चलने और वहीं रहने का प्रलोभन दिया गया। पीड़िता के पिता ने बताया कि नेताओं ने उन्हें लखनऊ चलने को कहा है, मगर वह सिर्फ आरोपियों को फांसी दिलाना चाहते हैं और अपने परिवार के लिए इंसाफ की लड़ाई लड़ते रहेंगे।

दूसरी तरफ, इस संबंध में सपा के महानगर अध्यक्ष संजय यादव का कहना है कि इस मामले उनकी मुख्यमंत्री से बात हुई है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। महानगर अध्यक्ष ने दबाव बनाने वाली बातों को निराधार और बेबुनियाद बताया है।

मां बोली- बदमाशों को मुझे सौंप दो, मैं दूंगी सजा

 बुलंदशहर गैंगरेप के मामले में बढ़ती सियासत के बीच बुधवार को रेप पीड़िता मां का गुस्सा फूट पड़ा। पीड़ित मां ने कहा कि दरिंदों ने उनकी और परिवार की जिंदगी बर्बाद कर दी है। अब अगर सरकार कोई मदद करना चाहती है, तो बदमाशों को मुझे सौंप देे। उन्हें सजा मैं अपने हाथों से दूंगी।

 पिता बोले, नहीं छोड़ेंगे घर
पीड़िता के पिता ने बताया कि वह 19 साल से खोड़ा में रह रहे हैं। यहां सिर्फ इज्जत कमाई है। यह हादसा उनकी इज्जत को कम नहीं कर सकता। वह हर हाल में इंसाफ की लड़ाई लड़ेंगे।

पहले खोड़ा से मकान बदलने का मन बनाया था, मगर लोगों ने जिस प्रकार उनका साथ दिया है उससे अब उन्होंने यहीं रहने का निर्णय किया है। पिता ने कहा कि वे बस यही चाहते हैं कि गुनाहगारों को ऐसी सजा मिले, जिससे पूरे समाज को एक दिशा मिले।

हालांकि कार लोन पर लेकर टैक्सी में चलाने वाले पिता के सामने आर्थिक समस्या भी है। बीते दो माह से उन्होंने कार की किश्त नहीं भरी है। ऐसे में अगले माह की किश्त कैसे भरी जाएगी इसकी चिंता भी उन्हें सता रही है।


बिटिया का हाल देख काउंसलर भी सहमे

 गैंगरेप पीड़िता बिटिया का हाल देख काउंसलर भी सहम उठे। मंगलवार रात को पीड़िता के घर पहुंचे दोनों काउंसलरों ने काफी देर तक बिटिया से बातचीत की कोशिश की लेकिन वह इस कदर सदमे में है कि मुंह से बोल नहीं निकल रहे। काउंसलरों का कहना है कि वारदात से किशोरी के मन पर गहरा आघात लगा है। थोड़े वक्त बाद सदमे से उबारने के लिए इसकी काउंसलिंग की जाएगी।

घुप्प अंधेरे में डूबी सीढ़ियां दो मंजिले पर जाती हैं। दूसरी मंजिल पर एक कमरा है और छोटा सा बरामदा। बरामदे के ऊपर खुली छत। इन दिनों बरामदे व छत पर नेताओं का मेला लगा रहता है। मीडियाकर्मियों का हुजूम है और तमाशबीनों की भी कमी नहीं।

अंदर कमरे में बिटिया एक चारपाई पर गुमसुम पड़ी रहती है। वह किसी से बात नहीं करती। वह मानसिक व शारीरिक पीड़ा एक साथ झेल रही है। उसकी यह हालत देखकर काउंसलर भी सहम गए।

उससे मिलकर बाहर निकली भाजपा नेता मीना भंडारी ने कहा कि उसने बहुत कोशिश की बिटिया से बात करने की लेकिन वह तैयार नहीं हुई। उन्होंने महसूस किया कि बिटिया को अस्पताल में भर्ती कराना चाहिए वर्ना कहीं उसकी हालत और न खराब हो जाए।

पीड़ित किशोरी के भाई ने कहा कि कभी मेरी बहन सबको घर में हंसाती रहती थी। उसने बताया कि घटना की रात घटनास्थल पर उसी ने मेरे बंधे हाथों की रस्सी खोली थी और फिर हम लोग सब मिलकर सिर्फ रोते रहे। इस सदमे से कब उबर पाएंगे, कुछ कह नहीं सकते।

बुलंदशहर गैंगरेप मामले में राजनीतिक पार्टियां सड़कों पर

 बुलंदशहर हाईवे पर मां-बेटी के साथ हुई दरिंदगी के खिलाफ भाजपा ने बुधवार शाम को कैंडल मार्च निकाला। मालीवाड़ा चौक से शुरू हुआ कैंडल मार्च पुराना बस अड्डा चौक पर जाकर समाप्त हुआ

महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। इस प्रदेश में अब बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। वहां राजीव अग्रवाल, मानसिंह गोस्वामी, लेखराज माहौर, सरदार एसपी सिंह, सुदेश कश्यप, संजीव त्यागी, सुधीर चौधरी, राकेश चौहान, धीरज शर्मा, अजय गुप्ता, ऊषा कश्यप, रानी शर्मा, निर्मल शर्मा, शीतल चौधरी आदि उपस्थित रहे।

 आम आदमी पार्टी ने फूंका सीएम का पुतला

आम आदमी पार्टी ने भी बुधवार को कलक्ट्रेट पर सीएम अखिलेश यादव का पुतला फूंका। बाद में प्रदर्शनकारियों ने डीएम के नाम एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह को सौंपा।
पार्टी के जिला संयोजक चेतन त्यागी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।

बुलंदशहर और बरेली में हुई रेप की वारदात इसका ताजा उदाहरण हैं। डा. सचिन शर्मा, मुकेश प्रजापति, सुजाता शर्मा, नत्थू प्रधान, विजय शर्मा आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस ने यूपी सरकार की बर्खास्तगी की मांग की
कांग्रेस की महिला विंग ने भी बुधवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर डीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर प्रदेश सरकार की बर्खास्तगी की मांग की। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष माया देवी ने कहा कि यूपी में महिलाओं के प्रति अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।

सूबे में महिलाएं, बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और स्कूल-कालेज जाने से भी डरने लगी हैं।  सुनीता उपाध्याय, शकुंतला देवी, रेखा, सावित्री, पिंकी दत्ता, लक्ष्मी, राजकुमारी, विमला, सीमा भाटी, पूजा, मीना सिंह, मंजू, बबीता, इमरान खान, इस्माइल कुरैशी मौजूद रहे।

कैंडल मार्च निकालकर जताया रोष
 बुलंदशहर में मां-बेटी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर रोष जताया। साथ ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।

भाजपा नगर अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंहल के नेतृत्व में बुधवार देर शाम रेलवे रोड पर भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए और कैंडल मार्च निकाला। रेलवे रोड, टावर रोड से होते हुए कैंडल मार्च वापस रेलवे रोड पर आकर समाप्त हुआ।

ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा क प्रदेश की सपा सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरफ फेल हो चुकी है। अरविंद भारतीय, सुशील गोस्वामी, सचिन शर्मा, ब्रजेश्वर निम्मी, संजीव त्यागी, आदेश शर्मा, अशोक प्रजापति, रजत, बिंदू त्यागी, राहुल आदि शामिल रहे। 

भाजपाइयों ने फूंका आजम खान का पुतला

 शालीमार गार्डन स्थित सब स्टेशन पर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने आजम खान का पुतला फूंककर बुलंदशहर गैंगरेप मामले में उनके बयान की निंदा की। साथ ही प्रदेश सरकार से तत्काल आजम खान को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की।

भाजपा नेता संजीव शर्मा ने कहा कि आजम खान का बयान गलत है। उनके इस बयान से पीड़ित परिवार को काफी ठेस पहुंची है। वह परिवार को सांत्वना देने की बजाए मामले को राजनीतिक तूल दे रहे हैं। भाजपा इसका विरोध करती है।

ऐसे नेताओं के लिए राजनीति में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि नगर विकास मंत्री को विवादित बयान देने की आदत हो गई है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे नेता का बहिष्कार कर देना चाहिए।

उनकी प्रदेश सरकार से मांग है कि आजम खान को पार्टी से बर्खास्त किया जाए। इस दौरान पप्पू पहलवान, संदीप पंडित, राजीव शर्मा, संदीप सूद, किरनपाल, मोनू सिंह, राहुल सिंह, अरुण शर्मा आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें