गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गिरिराज क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे पीपीएल के लीग मुकाबले में द टायकूंस ने गोल्डन किंग को नौ विकेट से हरा दिया। वैभव सिंह की नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर टीम ने 17.1 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोल्डन किंग की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। टीम 17 ओवर में 129 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कृष्णा त्यागी ने 30 गेंदों की मदद से 58 रन की पारी खेली। मोमीन ने 19 और हमर सिंह ने 18 रन बनाए। द टायकूंस की ओर से विनीत शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 26 रन देकर पांच विकेट लिए। सैयद मंसूर अली रिजवी ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी द टायकूंस ने 17.1 ओवर में एक विकेट पर 133 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वैभव सिंह ने 55 गेंदों की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेली। कुमार संदीप ने भी नाबाद 34 रन का योगदान दिया। शानदार गेंदबाजी के लिए विनीत शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।