पॉलिटेक्निक में दाखिले के लिए तीसरे राउंड की दाखिला प्रक्रिया आज शुक्रवार से शुरू होगी। सोमवार तक छात्र अपनी पसंद का कॉलेज व पाठ्यक्रम चुनेंगे। 22 व 23 जुलाई को छात्र हेल्प सेंटर पर अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराएंगे।
पॉलिटेक्निक में दूसरे राउंड के दाखिले की प्रक्रिया बुधवार को बंद हो गई। राजकीय पॉलिटेक्निक में अब तक 217 छात्रों के दाखिले कन्फर्म हुए। रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए अब छात्रों को तीसरे राउंड के तहत ऑनलाइन अपनी पसंद का कॉलेज और पाठ्यक्रम चुनना होगा। राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य डॉ.जानबेग लोनी ने बताया कि कॉलेज और पाठ्यक्रम अलॉट होने पर छात्र को सीट स्वीकार करना होगा। छात्र को निर्धारित तीन हजार रुपये फीस जमा करके हेल्प सेंटर पर अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराना होगा।
कांवड़ में रहेगी छात्रों को होगी दिक्कत
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से जिले में एकमात्र हेल्प सेंटर बनाया गया है। दूसरे राउंड की काउंसिलिंग में भी छात्रों को कांवड़ यात्रा में रास्ते बंद होने की वजह से दिक्कत आई। हालत यह थी कि सामान्य दिनों में जहां 100 छात्र आ रहे थे। वहीं, मंगलवार, बुधवार को 50 छात्र भी नहीं पहुंचे। तीसरे राउंड में कांवड़ यात्रा के बीच छात्रों को 22 व 23 जुलाई को अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराना होगा। छात्रों ने प्रमाणपत्रों के सत्यापन की तारीख बढ़ाने की मांग की है। राजकीय कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ.जानबेग लोनी ने बताया कि डीएम को छात्रों की समस्या से अवगत कराया गया है। तारीख बढ़ाने का निर्णय उच्चाधिकारियों के स्तर से ही लिया जाएगा। हेल्प सेंटर पर छात्रों की हरसंभव मदद की जा रही है।