गाजियाबाद। लखनऊ स्टेशन पर पुरबिया एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला के सिर के नीचे से बैग खींचकर चोर फरार हो गया। दंपती जब गाजियाबाद स्टेशन पर उतरे तो उन्होंने जीआरपी थाने में शिकायत दी। आरोप है कि जीआरपी ने मामले को चोरी या लूट में दर्ज करने की बजाय उनसे गुमशुदगी की तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर दिया।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम के शिप्रा सनसिटी निवासी प्रदीप कुमार द्विवेदी अपनी पत्नी सुगंधा तिवारी व दो छोटे बच्चों के साथ गोरखपुर से गाजियाबाद आने के लिए पुरबिया एक्सप्रेस में एक सितंबर को सवार हुए थे। सुगंधा तिवारी ने बताया कि वह कोच नंबर तीन में सीट नंबर पांच व छह पर खिड़की लेटे हुए थे। एक बैग जिसमें 26 हजार रुपये, मोबाइल, आधार आदि जरूरी सामान था, वह उनके सिर के नीचे लगा हुआ था। जैसे ही ट्रेन लखनऊ आउटर पर रुकी तो चोर खिड़की से उनके बैग को खींचकर ले गया। वह कुछ करते इससे पहले ही ट्रेन चल दी।
अगले दिन ट्रेन गाजियाबाद पहुंची तो उन्होंने जीआरपी थाने में इसकी शिकायत दी। आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर तैनात दरोगा को जब उन्होंने अपनी शिकायत दी तो उन्होंने कहा कि यह मामला न लूट का है और न चोरी का। इस तहरीर को बदलकर गुमशुदगी में दे दो, इससे आपका सामान भी जल्दी मिलेगा। लूट, चोरी में महीनों तक के चक्कर लगाने पड़ेंगे और जरूरी नहीं कि बरामदगी भी हो जाए। उनकी बात मानकर उन्होंने गुमशुदगी की शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस बारे में जीआरपी सीओ सुदेश गुप्ता का कहना है कि जानकारी की जाएगी कि उस दिन कौन से दरोगा की ड्यूटी थी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।