गाजियाबाद। हिंडन नदी की स्वच्छता और सुंदरता को बेहतर बनाने व नदी में गिर रहे सात नालों पर रोक लगाने के लिए नगर निगम की ओर से रूपरेखा तैयार की जा रही है। नगर आयुक्त ने इसके लिए शनिवार को जल निगम एवं सिंचाई विभाग अधिकारियों के साथ बैठक की। शहर में पेयजल व्यवस्था सुगम और सरल बनी रहे इसके लिए भी अधिकारियों को प्लान तैयार करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि हिंडन नदी स्वच्छता को और अधिक बेहतर करने तथा सुंदरता को बढ़ाने के लिए एक जल निगम, सिंचाई विभाग व जलकल विभाग को एक सप्ताह में कार्य योजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। हिंडन नदी में गिरने वाले सात नालों पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए योजना बनाई जा रही है, जिससे नदी की स्वच्छता बरकरार रहेगी।
इसके अलावा विभागों की ओर से हिंडन नदी के आसपास के क्षेत्र का सर्वे कराया जाएगा। नदी के आसपास सौंदर्यीकरण का भी कार्य कराने के लिए योजना तैयार की जाएगी। जल संरक्षण के लिए शहर के लोगों को जागरूक करते हुए भूमिगत जल में वृद्धि करने के लिए कार्य योजना बनाने के लिए टीम को कहा गया है। इसके साथ ही शहर में गंगाजल की आपूर्ति के लिए भी योजना बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। बैठक में जल निगम के मुख्य अभियंता आरके पंकज, सिंचाई विभाग से अधिशासी अभियंता राजकुमार, सहायक अभियंता एनपी सिंह, जल निगम के अवर अभियंता शिव कुमार व नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज सिंह, सहायक अभियंता जल निगम आश कुमार आदि मौजूद रहे।