गाजियाबाद। सरिया बेचने की नामी कंपनी के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को माल बेचने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के बदमाश को साइबर अपराध थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया शातिर कोलकाता निवासी रोहित साव है।
इसके पास से ठगी में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया है। गिरोह ने राजनगर एक्सटेंशन के रहने वाले सुभाष त्यागी को सरिया बेचने के नाम पर 14.90 लाख रुपये की ठगी की थी, जिसमें पुलिस ने 2.32 लाख रुपये फ्रीज करा दिए थे। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि रोहित साव के 12वीं पास है। इसके पास दो और खाते मिले हैं। उसमें हुए लेनदेन की जानकारी की जा रही है। इसी के खाते में सुभाष त्यागी से ठगी गई रकम गई थी। रोहित गिरोह के अन्य साथियों के भी संपर्क में है। जांच में सामने आया है गिरोह बिहार व कोलकाता में बैठकर ठगी कर रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि फर्जी साइट बनाकर लोगों से ठगी करते हैं। सरिया बेचने वाली कंपनी के नाम की उन्होंने www.tmtsariyasupplier.in नाम से वेबसाइट बना रखी हैं। उस पर दिए गए नंबर पर कोई सरिया खरीदने के लिए कॉल करता है तो वह कॉल नहीं उठाते बल्कि वर्चुअल नंबर से कॉल करके सरिया कंपनी से बताकर ऑर्डर लेते हैं। ऑर्डर लेने के बाद उन्हें फर्जी बिल भेजते हैं और भुगतान के नाम पर व कंपनी में यूजर कोड समेत अन्य कई बहाने बनाकर अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करा लेते हैं। पूछताछ में बताया कि वेबसाइट की एसईओ (सर्च इंजन ऑप्टीमाइजेशन) कराते हैं। इससे कोई भी इंटरनेट पर अगर सरिया या टीएमटी सर्च करता है तो उनकी ही वेबसाइट सबसे पहले और प्राथमिकता में दिखाई देगी। इस पर असली वेबसाइट की तरह विश्वास दिलाने के लिए विज्ञापन भी चलवाते हैं।