गाजियाबाद। सर्दियां बढ़ने के साथ ही हृदय रोगियों की समस्याएं बढ़ने लगी है। पुराने हृदय रोगी और रक्तचाप के मरीजों की समस्याएं बढ़ गई हैं। अस्पतालों में पहले जहां हाइपरटेंशनन और रक्तचाप के 150 मरीज आते थे वहीं अब बढ़ कर इसकी संख्या 200 के करीब पहुंच गई है। एमएमजी के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. संतराम ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में हार्ट अटैक के मरीज रोजाना दो से तीन आ रहे हैं। इसके अलावा उच्च रक्तचाप वाले मरीज भी अधिक पहुंच रहे हैं।
सर्दियों में नसों का संकुचन बढ़ जाता है। ऐसे में ब्लड प्रेशर बढ़ता है,जिससे शरीर के विभिन्न अंगों तक रक्त को पंप करने के लिए हृदय को अधिक मेहनत करनी पड़ती है। जिसकी वजह से हार्ट अटैक आ सकता है। जिन लोगों को पहले से ही हृदय रोग की समस्या है उनको इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूर होती है। डा. संतराम ने बताया कि मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। गरिष्ठ भोजन ना करने और अधिक से अधिक तरल पदार्थ का सेवन करने की सलाह दी जाती है। रात में सोते समय गुनगुना पानी का सेवन करना भी अच्छा होता है। रेड मीट, शराब और धूम्रपान के सेवन से बचें। खाने में सलाद और फलों की मात्रा बढ़ाएं, नमक का सेवन कम करें
-
सांस लेने में हो रही दिक्कत, अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई मौत
एमएमजी अस्पताल में बुधवार को क्रॉसिंग रिपब्लिक के पानी के प्लांट में काम करने वाले 35 वर्षीय संजय को मृत अवस्था में लाया गया। चिकित्सकों ने चेकअप के बाद उसको मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि विजयनगर निवासी संजय कुमार के परिजनों ने बताया कि उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी जिसका इलाज स्थानीय चिकित्सक से करा रहे थे। बुधवार को हालत अधिक बिगड़ने पर जब अस्पताल लेकर आए तो रास्ते में ही उनकी मौत हो चुकी थी।
270 बुखार के मरीज पहुंचे
एमएमजी अस्पताल में बुधवार को कुल 2372 मरीज पहुंचे। जिसमें 270 बुखार के मरीज रहे जिसमें बच्चे भी शामिल रहे। इसके अलावा सर्दी-जुकाम गले में इंफेक्शन वाले मरीजों की भी संख्या अधिक रही। कुल ओपीडी में 1147 पुरुष, 840 महिलाएं और 385 बच्चों का इलाज हुआ।