फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मरीज पहले ही बेहाल, आज से दो और हड़ताल

Thu, 15 Sep 2016 11:41 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला गाजियाबाद
विज्ञापन
हड़ताल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
संविदाकर्मियों की हड़ताल से मरीज पहले से ही परेशानी झेल रहे हैं। अब शुक्रवार से उन्हें दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। शुक्रवार से फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन भी दो घंटे की हड़ताल पर रहेंगे। इससे डेंगू-चिकनगुनिया और बुखार के मरीजों के न तो सैंपलों की जांच हो सकेगी, न ही मरीजों को समय पर दवा मिल पाएगी।
विज्ञापन


शुक्रवार से डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के सभी सदस्य सुबह दो घंटे कार्य बहिष्कार करेंगे। इनके अलावा लैब टेक्नीशियन भी सुबह दो घंटे सैंपल नहीं लेंगे। संविदा पर तैनात लैब टेक्नीशियन तो पहले से ही हड़ताल पर थे अब यूपी लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के भी सदस्य हड़ताल पर जा रहे हैं। ऐसे में मरीजों की समस्या और बढ़ जाएगी।

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन गाजियाबाद के सदस्य बीते 9 सितंबर से सांकेतिक विरोध जता रहे थे। वेतन विसंगतियों को लेकर उनका विरोध चल रहा है। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष आलोक कुमार त्यागी ने बताया कि 16 से 19 सितंबर तक सुबह 8 से 10 बजे तक दो घंटे कार्य बहिष्कार करेंगे।
विज्ञापन


अगर उसके बाद भी शासन ने हमारी मांगें नहीं मानीं तो पूर्ण हड़ताल को बाध्य होना पड़ेगा। यूपी लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के सदस्य भी शुक्रवार से दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे।

एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एके तोमर ने बताया कि 16 से 19 सितंबर तक सुबह 8 से 10 बजे तक दो घंटे कार्य बहिष्कार करेंगे। अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो 20 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।


हड़ताल ने बिगाड़ा मरीजों का हाल

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदाकर्मियों की हड़ताल चौथे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रही। एक ओर जनता डेंगू- चिकनगुनिया से परेशान है, दूसरी ओर हड़ताल के कारण मरीजों को और परेशानी झेलनी पड़ रही है।

अरबन हेल्थ पोस्ट बंद होने के कारण मरीजों को सामान्य बुखार आदि के लिए भी जिला अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है, लेकिन उन्हें यहां भी मेडिकल सुविधा नहीं मिल पा रही है।

चौथे दिन की हड़ताल की वजह से संयुक्त अस्पताल का पैथ लैब पूरी तरह से बंद रहा। इसकी वजह से मरीजों को परेशानी हुई है। इसके अलावा अधिकतर हेल्थ पोस्ट भी ताले लगे रहे। संविदाकर्मियों ने अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर संयुक्त जिला अस्पताल में सुबह नौ बजे से धरने पर बैठे रहे और सीएमओ ऑफिस पर प्रदर्शन भी किया।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (संविदा) कर्मचारी संघ के सदस्य बृहस्पतिवार को अन्य विभागों में जाकर हड़ताल में शामिल होने की अपील करते रहे। संघ की जिला अध्यक्ष पूजा गर्ग ने बताया कि प्रदेश स्तरीय आह्वान के तहत छह सूत्री मांगों के समर्थन में कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। जब तक मांगे नहीं मानी जाएगी हड़ताल जारी रहेगी।

दूसरी जगहों से बुलाए लैब टेक्नीशियन
संविदाकर्मियों के हड़ताल पर जाने की आशंका के चलते संक्रामक रोग विभाग में मुरादनगर सहित अन्य स्थानों से स्थायी लैब टेक्नीशियन बुलाए गए हैं। हालांकि इमरजेंसी ड्यूटी का हवाला देकर डीएमओ जीके मिश्रा ने सभी संविदाकर्मियों को भी काम न रोकने के निर्देश दिए, जिसकी वजह से संविदाकर्मी हड़ताल पर नहीं गए। शुक्रवार से उनके भी हड़ताल में शामिल होने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें