गाजियाबाद। संयुक्त जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब का निर्माण कार्य अगले 15 दिनों में पूरा होने की संभावना है। इसके तैयार होने से मरीजों और कर्मचारियों को जांच कराने और रिपोर्ट प्राप्त करने में काफी सुविधा मिलेगी।
अस्पताल में पुरानी पैथोलॉजी लैब को तोड़कर नए सिरे से बनाया जा रहा था। इंटीग्रेटेड लैब के कार्यशील होने के बाद यह कार्य शुरू हुआ था, लेकिन पूरा होने में देरी हुई। पिछले एक महीने से इस कार्य में काफी तेजी आई है। वर्तमान में मरीजों को गैलरी में कतार लगानी पड़ती है। इससे मरीजों सहित आने-जाने वालों और स्टाफ को भी परेशानी होती है।
नई लैब में हेमेटोलॉजी, बायोकैमिस्ट्री, सेरोलॉजी, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी, माइक्रो बैक्टीरियोलॉजी और क्लीनिकल पैथोलॉजी जैसी विभिन्न प्रकार की जांचें उपलब्ध होंगी। जल्द ही हार्मोनल जांचों की सुविधा भी शुरू की जाएगी। अस्पताल के सीएमएस संजय गुप्ता ने बताया कि भवन में केवल वायरिंग का कुछ काम बचा है। यह कार्य पूरा होते ही लैब को संचालित कर दिया जाएगा।