लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के मेट्रो पिलर नंबर पी-97 के पास बदमाश ने स्कूटी में टक्कर मारकर करीब साढ़े छह लाख रुपये लूट कर भाग गया। बदमाश अपनी बिना नंबर की स्कूटी मौके पर छोड़ गया और पीड़ित की स्कूटी भी ले गया। पीड़ित कमलेश यादव बैंक से पैसे लेकर आ रहा था। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
लोनी के रूप नगर औद्योगिक क्षेत्र में कमलेश यादव परिवार के साथ रहते हैं। वह जींस रंगाई का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि उनका खाता दिल्ली के युमना विहार स्थित बैंक में हैं। बृहस्पतिवार को वह स्कूटी पर बैंक से पैसा निकलने के लिए गए थे। पैसा उन्होंने स्कूटी की डिग्गी में रख रखे थे। जैसे ही वह बॉर्डर थाना क्षेत्र के मेट्रो पिलर नंबर पी-97 के पास पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे स्कूटी सवार ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर वह गिर गए। इस दौरान दूसरी स्कूटी पर आए बदमाश ने उनकी स्कूटी को उठाया और स्कूटी लेकर वापस दिल्ली की तरफ भागने लगा। तभी कमलेश उठे और बदमाश का पीछा करने लगे। लेकिन बदमाश हाथ नहीं आया। इसके बाद कमलेश स्कूटी को धक्का लगाकर लोनी बॉर्डर थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस कर्मियों को घटना के बारे में अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस कमलेश को लेकर मौके पर पहुंची। एसीपी अंकुर विहार अजय कुमार ने बताया कि स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं है। चेचिस नंबर और अन्य चीजों को देखकर स्कूटी मालिक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं घटना स्थल और कमलेश के आने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस कमलेश को लेकर अपने आने वाले रास्तों को देख रही है। जल्द बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संभावना है कि बदमाश दिल्ली से ही बैंक के पास से पीड़ित का पीछा करता हुआ आया है।