माई सिटी रिपोर्टर
इंदिरापुरम। कनावनी चौकी क्षेत्र स्थित ट्राइन टावर सोसायटी की लिफ्ट शुक्रवार देर रात अचानक खराब हो गई। 12वें तल पर बंद हुई लिफ्ट में तीन बच्चे समेत आठ लोग फंस गए। लिफ्ट के अपने आप नीचे जाते हुए शोर मचाने लगा। करीब 10 मिनट तक फंसने के बाद तकनीकी कर्मियों ने बेसमेंट में पहुंची लिफ्ट के दरवाजे खोलकर लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सोसायटी के लोगों ने काफी देर तक हंगामा किया। इस दौरान पुलिस को बुलाकर शिकायत भी की।
अहिंसा खंड दो स्थित ट्राइन टॉवर्स सोसाइटी निवासी अरविंद तिवारी ने बताया कि वह लिफ्ट में भूतल से 15वें तल के लिए सवार हुए थे। उनकी पत्नी और तीन बच्चे भी थे। इनके अलावा सोसायटी के ही तीन अन्य लोग भी लिफ्ट में थे। करीब 12वें तल पर पहुंचकर लिफ्ट अपने आप रुक गई और अचानक फंसकर चलते हुए नीचे जानी लगी। कई बार फंसकर लिफ्ट बेसमेंट में आकर रुकी, लेकिन गेट नहीं खुला। अलार्म बजाया, लेकिन कोई नहीं आया। काफी देर बाद एक कर्मचारी आया और लिफ्ट के ऊपर चढ़ा। इसके बाद लिफ्ट सुचारू कर उसका गेट खोलकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान लिफ्ट में फंसे बच्चों की चीख पुकार भी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। निवासियों ने सामूहिक रूप से बिल्डर के खिलाफ इंदिरापुरम पुलिस थाने में शिकायत दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को बिल्डर से मामले को लेकर बातचीत की जाएगी। साथ ही मामले में जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एक माह में तीसरी बार फंसे लोग
ट्राइन टावर की लिफ्ट फंसने के यह पहला मामला नहीं है। अप्रैल माह में यह तीसरी बार हुआ है। पांच अप्रैल को कंजक खाने जा रहीं सात कन्या भी लिफ्ट में फंसी थीं। इसके बाद सात अप्रैल को भी करीब 11 लोगों को ले जा रही लिफ्ट बीच मे बंद पड़ गई थी। तब सोसायटी के सुविधा प्रबंधक संगम त्रिपाठी ने इसे तकनीकि खराबी बताते हुए जल्द ठीक कराने का आश्वासन भी दिया था।