मोदीनगर। संजयपुरी कॉलोनी स्थित कान्हा गोशाला में काम के दौरान हुए झगड़े में घायल मजदूर रिहान की उपचार के दौरान मौत हो गई। साथी मजदूर ने सिर पर फावड़े से हमला कर रिहान को घायल कर दिया था।
कस्बा निवाड़ी के सारा गांव निवासी रिहान मोदीनगर की संजयपुरी कॉलोनी स्थित कान्हा गोशाला में मजदूरी करता था। गोशाला में ही काम करने वाले बिल्ला ने शनिवार शाम काम को लेकर रिहान से अभद्रता कर गाली गलौज की थी। गुस्साए बिल्ला ने रिहान पर फावड़े से हमला कर दिया था। हमले में रिहान गंभीर रूप से घायल हो गया था। रिहान को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था,वहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया और मेरठ से उसे दिल्ली भेज दिया गया था। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि जानलेवा हमले की धारा को हत्या में तब्दील किया जाएगा। आरोपी बिल्ला को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।