साहिबाबाद। नवीन फल और सब्जी मंडी में सब्जियों के थोक दाम अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद फुटकर बाजार में उपभोक्ताओं को 15 से 20 फीसदी अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। बारिश के कारण कई इलाकों से सब्जियों की आवक प्रभावित हुई है। वहीं आसपास के क्षेत्रों से होने वाली आवक बंद होने की वजह से भी टमाटर, प्याज, हरी मिर्च समेत कई सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं।
मंडी इंस्पेक्टर सुधांशु ने बताया कि वर्तमान में स्थानीय आवक खत्म होने की वजह से बाहर से आवक आ रही है। टमाटर बंगलूरू, हिमाचल, प्याज महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, अदरक कर्नाटक से आ रहा है। वहीं मिर्च की आवक रामपुर से हो रही है। दूरी की वजह से सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी हुई है। मंडी में शुक्रवार को टमाटर का थोक भाव करीब 25 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। वहीं मोहल्लों की दुकानों पर यही टमाटर 60 से 70 रुपये प्रति किलो बिका। प्याज 22 से 25 रुपये किलो थोक में और 35 से 40 रुपये किलो फुटकर में बेचा गया। हरी मिर्च का थोक भाव 30 रुपये किलोग्राम रहा और बाजार में यह 50-80 रुपये किलो तक पहुंच गई।
वहीं वैशाली, वसुंधरा, इंदिरापुरम और साहिबाबाद के कई इलाकों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताई। वसुंधरा की गृहिणी निधि का कहना है कि रोजमर्रा की सब्जियों पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है। इससे महीने का बजट बिगड़ रहा है। फुटकर दुकानदार रमेश का कहना है कि मंडी से खरीद के बाद ढुलाई, छंटाई और खराब होने वाली सब्जियों का खर्च भी जोड़ना पड़ता है। बारिश के दौरान माल की बर्बादी बढ़ने से खुदरा दाम ऊपर रखने पड़ रहे हैं।
सब्जी मंडी थोक के दाम फुटकर के दाम
टमाटर- 25-30 60-70
प्याज- 22-25 40
मिर्च- 30 50
लौकी- 18-22 30
तोरई- 20 40
भिंडी- 30 45
बैंगन- 18 35-45
फूलगोभी- 45-55 60-80
पत्तागोभी- 18-22 30-35
हरी मिर्च- 30-35 70-90
धनिया- 60-90 100
अदरक- 50 120
नोट- मंडी के दाम थोक में और फुटकर के रुपये प्रतिकिलो में दिए गए हैं।
मंडी सचिव, साहिबाबाद सुनील कुमार शर्मा का कहना है कि अभी लोकल की आवक नहीं होने की वजह से दो से तीन महीने सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी रहेगी। इसके बाद लोकल की आवक शुरू हो जाती है। फिर से दाम कम होने लगेंगे।