खुर्जा में तेज बाइक सवार अनियंत्रित होकर रजवाहे में गिर गये। घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। मामला जिले के अरनियां क्षेत्र के गांव मीरपुर नागल का बताया जा रहा है।
बुधवार रात गांव नागल निवासी राजेश(32) पुत्र हरिश्चंद्र और अंकुश पुत्र विजय बाइक द्वारा गभाना से गांव वापस जा रहे थे। रास्ते में गांव के निकट से निकल रहे रजवाहे में उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में राजेश पानी में डूब गया। जबकि अंकुश के सिर में चोट लगने से वह घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने राजेश को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह पुलिस ने गोताखोरों की मदद से रजवाहे में उसकी तलाश कराई। घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर राजेश का शव मिला।
बताया गया कि बाइक तेज रफ्तार से चल रही थी। जिससे अनियंत्रित होकर बाइक रजवाहे में गिर गई। थाना प्रभारी सोमनाथ राय ने बताया कि मामले में किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया गया है।