खोड़ा। थानाक्षेत्र में संचालित एक रेस्तरां से खरीदे गए डोसे में कीड़ा निकलने का मामला सामने आया है। क्षेत्र के ही रहने वाले अनुराग कटियार ने जब इसकी शिकायत डीएम से की तब जाकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खाने का सैंपल भरा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अनुराग कटियार ने अपनी शिकायत में बताया कि 4 जून को उन्होंने एक रेस्तरां से डोसा खरीदा था। उनका आरोप है कि खाना खाते समय उन्हें डोसे में एक छोटा कीड़ा दिखाई दिया। उन्होंने इसकी शिकायत भी की। कहा कि दूषित भोजन खाने के बाद से उनको उल्टी व अन्य शारीरिक समस्याएं भी हो रही हैं। उन्होंने इलाज कराया है। इसकी शिकायत उन्होंने डीएम से की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खाने के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम आई थी, लेकिन उन्होंने पुलिस कार्रवाई के लिए अभी कोई प्रयास नहीं किए हैं। शिकायत मिलती है तब आगे की कार्रवाई की जाएगी।