गाजियाबाद। नंदग्राम की विकलांग काॅलोनी में मकान में लगी आग बुझाने के लिए जा रही दमकल गली संकरी होने की वजह से फंस गई। आग विकराल होती जा रही थी जबकि दमकल आगे नहीं बढ़ पा रही थी। इस पर अग्निशमन दल ने 10 पाइप आपस में जोड़े। इन्हें मकान तक ले जाया गया। इसके बाद आग बुझाई गई।
सोमवार की दोपहर में यह आग अभिलाषा रावत के मकान में चौथी मंजिल पर लगी थी। इसकी सूचना पर नगर कोतवाली फायर स्टेशन से पानी से भरे दमकल रवाना की गईं। विकलांग काॅलोनी में घुसते ही दमकल फंस गई। घरों के बाहर अतिक्रमण था। इसकी वजह से दमकल आगे नहीं जा सकी। अग्निश्मन दल ने छज्जों के आगे लगे तिरपाल हटाए। इसके बाद भी इतना चौड़ा रास्ता नहीं मिला जिससे दकमल आगे जा सके।
अभिलाषा रावत के मकान से 300 मीटर पहले ही दमकल फंस गई थी। इसके बाद 30 और 60 मीटर के दस पाइप जोड़े गए। इनकी मदद से पानी पहुंचाया और आग बुझाई गई। तब तक काफी सामान जल चुका था। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई गई है।
-रोइज सेंटोसा में फ्लैट में लगी आग-
आग लगने की दूसरी घटना राजनगर एक्सटेंशन की रोइज सेंटोसा सोसायटी में हुई। जहां सोसायटी निवासी जय कुमार गुप्ता के चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट में आग लग गई। जय कुमार गुप्ता ने बताया कि नवरात्र के चलते फ्लैट में स्थित मंदिर में जल रहे दीए से पर्दों में आग लगी। लकड़ी के मंदिर में फैली आग स्टोर रूम तक पहुंची। आसपास के लोगों ने दमकल को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया।
-वर्जन-
विकलांग कालोनी में अतिक्रमण और संकरे रास्ते वजह से दमकल उस मकान तक नहीं पहुंच सकी, जिसमें आग लगी थी। राजनगर एक्सटेंशन की सोसायटी में लोगों ने काफी हद तक आग बुझा ली थी। दोनों घटनाओं में जनहानि नहीं हुई है।
-राहुल पाल, सीएफओ।