गाजियाबाद। सीबीएसई बोर्ड की बुधवार को दसवीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा हुई। विद्यार्थियों ने बताया कि हिंदी का पेपर आसान आया था जिस वजह से पेपर देकर निकलने के बाद विद्यार्थियों के चहरे खिले नजर आए। साथ ही विद्यार्थियों ने कहा कि पेपर ज्यादा समय लेने वाला था लेकिन समय प्रबंधन के साथ किया तो पेपर में कुछ छूटा नहीं। हिंदी की परीक्षा के बाद मुख्य विषयों में 26 फरवरी को दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों की अंग्रेजी की परीक्षा होगी। जिले में दसवीं कक्षा के कुल 25,813 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। सीबीएसई बोर्ड की बारहवीं कक्षा की मुख्य विषयों की परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरु हो रही हैं। बुधवार को हिंदुस्तानी म्यूजिक, ऑटोमोटिव, हैल्थ केयर और कोस्ट अकाउंटिंग की परीक्षा थी। मुख्य विषय में पहली परीक्षा अंग्रेजी विषय की है। परीक्षाओं के लिए जिले में 47 केंद्र बनाए गए हैं। जिसके लिए चार नोडल सेंटर बनाए गए हैं। बारहवीं कक्षा के कुल 20,281 विद्यार्थी जिले में पंजीकृत हैं। 2 अप्रैल तक बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं चलेंगी। संवाद
पैर पर प्लास्टर के साथ परीक्षा देने आया छात्र
राजनगर एक्सटेंशन निवासी निष्कर्ष शर्मा पैर पर प्लास्टर के साथ परीक्षा देने आए। गाजियाबाद पब्लिक स्कूल के छात्र निष्कर्ष ने बताया कि चार दिन पहले वह बंदर की वजह से छत से गिर गए थे। जिससे उनकी पैर की हड्डी टूट गई थी। उनका सेंटर कमला नेहरू नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय में पड़ा था।