गाजियाबाद। डीपीएसजी मेरठ रोड की ओर से समय सारिणी को बढ़ाने पर हुए हंगामे के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग भी सख्त हो गया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सीबीएसई को पत्र भेजा है। पत्र में सीबीएसई से विद्यालयों के लिए निर्धारित की गई समय सारिणी की जानकारी मांगी है। साथ ही विद्यालयों के लिए क्या गाइडलाइन होती है, इसकी भी जानकारी मांगी गई है।
डीपीएसजी मेरठ रोड विद्यालय में एक सप्ताह पूर्व कक्षा एक से पांच तक के बच्चों के लिए सुबह साढ़े सात से दोपहर साढ़े तीन बजे तक कर दिया गया था। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को नोटिस भेजकर अवगत भी कराया गया, लेकिन अभिभावकों की ओर से नई समय सारिणी का विरोध कर दिया गया।
गत सप्ताह तक विरोध सिर्फ दबी आवाज में ही चल रहा था। इसके बाद शनिवार को विरोध की आवाज विद्यालय और सामने की सड़क पर गूंजी। अभिभावकों ने कहा कि यह निर्णय विद्यालय प्रबंधन को अभिभावकों से सुझाव लेकर ही लेना चाहिए था। सुबह से आठ घंटे तक बच्चे कैसे घर से दूर रह पाएंगे। पूर्व की समय सारिणी साढ़े आठ से ढाई तक थी। इसे अब साढ़े सात से साढ़े तीन बजे तक कर दिया गया है। इससे बच्चे तनाव में रहेंगे।
शाम पांच बजे तक विरोध चलता रहा। इस बीच शिक्षा विभाग के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की ओर से विद्यालय प्रबंधन व अभिभावकों को काफी समझाने का प्रयास किया गया लेकिन दोनों अपनी-अपनी पर अड़े रहे। सोमवार को नाराज अभिभावक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध करने लगे। इस पर पहले तो प्रशासन की ओर से निजी विद्यालय बोलकर हस्तक्षेप करने से मना कर दिया गया लेकिन बाद में बढ़ते विरोध की वजह से जिलाधिकारी ने सीबीएसई को पत्र भेजने के लिए आश्वस्त किया। मंगलवार को जिलाधिकारी ने सीबीएसई को पत्र भेजकर निर्धारित समय सारिणी के संबंध में जानकारी मांगी है। इसके बाद पत्र का जवाब आने के अनुसार जिलाधिकारी की ओर से विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों के लिए कदम उठाए जाएंगे। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी ने सीबीएसई को पत्र भेज दिया है। इसके बाद जवाब के अनुसार ही कदम निर्देश पर उठाए जाएंगे।