साहिबाबाद। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की ओर से शुक्रवार को मंडोला योजना में भूखंड संख्या को ड्रा के जरिए आवंटित किया गया। आवंटन प्रक्रिया का आयोजन वसुंधरा सेक्टर 16 स्थित सेंट्रल मार्केट प्रथम तल के हॉल में किया गया। भूमि संख्या के आवंटन से विभाग को करीब 156 करोड़ के राजस्व की प्राप्ति होगी।
उप आयुक्त आवास अजय कुमार अम्बष्ट की अध्यक्षता में भू-संख्या आवंटन का ड्रा निकाला गया। बताया कि मंडोला विहार योजना गाजियाबाद स्थित सेक्टर 23 में 546 नगर आवासीय भूखंडों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पिछले साल 15 दिसंबर से इस साल 15 जनवरी 2024 तक किया गया था।
इसके तहत प्राप्त आवेदकों के मध्य भूखंडों का पात्रता चयन इसी साल 28 फरवरी को पूरा भी किया जा चुका है। इसी के तहत पात्रता चयन के सफल आवेदकों के मध्य भूखंडों का नंबरिंग चयन शुक्रवार को किया गया। उक्त आवंटन में परिषद की गाजियाबाद में स्थित मंडोला विहार योजना के लगभग 527 भूखंडों की संख्या लाटरी ड्रॉ के माध्यम से करते हुए आवंटन का कार्य किया गया। इस दौरान योजना के तहत भूखंड के लिए पंजीकरण कराने वाले सभी आवंटी शामिल हुए।