गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र स्थित आदित्य वर्ल्ड सिटी के एक अपार्टमेंट में रहने वाली महिला ने दो लोगों पर पति को कॉल कर गाली-गलाैज करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर वेव सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि महालक्ष्मी पार्क न्यू पंचवटी कॉलोनी निवासी नितेश कुमार व उनकी पत्नी प्रियंका चौधरी को आरोपी बनाते हुए कोर्ट के आदेश पर वेव सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
एसीपी ने बताया कि पीड़िता के मुताबिक नितेश कुमार द्वारा पिछले कई दिनों से उनके पति से व्हाट्सएप काल करके गाली-गलौज करते हुए अपनी पत्नी प्रियंका चौधरी के नाम पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। आरोप है कि धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग की जा रही है। इससे उसका परिवार बहुत घबराया हुआ है। नितेश कुमार द्वारा पूर्व में कई बार उनके पति से रुपये लिए गए थे व उनके पति द्वारा नितेश की नौकरी भी अपनी कंपनी में ही लगवाई गई थी। अपने पति और परिवार सहित पंचवटी से आदित्य वर्ल्ड सोसाइटी में शिफ्ट होने पर नितेश को रुपये देने या आर्थिक रूप से कोई मदद करनी बंद कर दी तो नितेश कुमार द्वारा अपनी पत्नी के साथ मिलकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के नाम पर रुपये मांगे जा रहे हैं। पुलिस आयुक्त के यहां शिकायत करने पर नितेश कुमार ने पीड़िता के पति को बार-बार फोन पर उनकी पत्नी के ऊपर कोर्ट में एसिड फेंकने, जान से मारने, जिंदगी बर्बाद करने व बेहद अश्लील गाली-गलौज करने समेत धमकी भी दी जाने लगी है, जिससे पीड़िता इनके विरुद्ध कोई भी कार्यवाही करने से भी डरी हुई है। आरोपी धमकी देकर मानसिक, शारीरिक व मानहानि क्षति पहुंचाने में लगे है। वेव सिटी पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।