कावड़ यात्रा महोत्सव में स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर नगर आयुक्त ने शनिवार को पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से सात जुलाई से कावड़ यात्रियों के लिए कार्य शुरू हो जाएगा।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि कावड़ रूट पर नगर निगम की ओर से 200 अतिरिक्त कैमरे लगवाए जाएंगे। इसकी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से अधिकारी कर सकेंगे। इसके अलावा 285 सफाई मित्रों की स्पेशल टीम तीन शिफ्टों में कार्यों के लिए तैनात किया जाएगा। कावड़ मार्ग पर 4426 अतिरिक्त लाइटों की व्यवस्था प्रकाश विभाग की ओर से की जा रही है। 15 अस्थाई प्याऊ, 25 गंगाजल टैंकरों
के लिए जलकल विभाग को निर्देशित किया गया है। 140 डस्टबिन, 55 डोर टू डोर कूडा कलेक्शन वाहन अतिरिक्त लगाए गए हैं। 45 मोबाइल टॉयलेट भी कावड़ रूट पर रहेंगे। इन वाहनों की नियमित सफाई हाई प्रेशर मशीन द्वारा होती रहेगी। जलकल विभाग द्वारा कावड़ रूट व शिवालयों पर गंगाजल के टैंकर लगाए जाएंगे। 4426 अतिरिक्त लाइट दुहाई मेरठ रोड पर साईं उपवन व शिवरों के आसपास रहेगी। वहीं 21 जनरेटर की व्यवस्था भी नगर निगम द्वारा की गई है। निर्माण विभाग द्वारा कंट्रोल रूम तैयार कर दिया गया है व बैरिकेडिंग की तैयारी चल रही है। बैठक में एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा, एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी, एसएचओ कोतवाली अनुराग शर्मा व निगम की ओर से नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी प्रकाश एसपी मिश्रा, प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज सिंह मौजूद रहे।