मसूरी। डंपर के नीचे सो रहे क्लीनर जसवीर की वाहन से कुचलकर मौत के मामले में मसूरी पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के चाचा ने चालक के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार चालक रविंदर सिंह निवासी गांव पिपलड्डा, एटा ने पूछताछ में बताया कि जसवीर दो दिन पहले ही उसके साथ आया था और डंपर चलाना सीख रहा था। 21 अगस्त को दोनों नगर निगम के डंपर में शहर से कूड़ा भरकर ढबारसी स्थित डंपिंग ग्राउंड के लिए निकले थे। गंगनहर रोड पर दोनों ने खाना खाया।
चालक के मुताबिक, खाना खाने के बाद जसवीर आराम करने के लिए डंपर के नीचे जाकर सो गया। उसे इसकी जानकारी नहीं थी। कुछ देर बाद रविंदर ने डंपर आगे बढ़ा दिया। पहिये के नीचे आने से जसवीर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक घबरा गया और मौके से भाग गया।
एसीपी ने बताया कि जसवीर के चाचा किशन निवासी गांव नंगला लभेड़ा, अलीगढ़ ने आरोपी चालक के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने रविंदर को ढबारसी के पास से गिरफ्तार किया।