थाना कौशाम्बी पुलिस टीम ने मुठभेड़ में पकड़े तीन अभियुक्त गिरफ्तार। स्रोत पुलिस
कौशांबी। सीमांत विहार निवासी बेकरी कारोबारी राजेश को पिस्टल व चाकू दिखाकर चेन छिनैती करने वाले कार सवार आरोपियों को पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया मामले का खुलासा किया। आरोपी दिल्ली के राजपार्क स्थित मंगोलपुरी निवासी सुजल, बेगमपुरी के कैलाश विहार का रहने वाले संदीप और विशाल हैं। मुठभेड़ में आरोपी सुजल के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने 25 अगस्त की सुबह बेकरी कारोबारी से छिनैती करने की बात स्वीकार की है। तीनों के पास से वारदात में इस्तेमाल हुई कार, चाकू, तमंचा व कुछ नकदी बरामद हुई है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सात सिंतबर की सुबह 2/5 की पुलिया पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कार को चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया था। कार चालक ने गाड़ी रोकने की जगह दूसरे रास्ते पर दौड़ा दिया लेकिन कुछ दूरी पर ही कार टकराने की वजह से रुक गई। तीनों आरोपी गाड़ी से निकलकर फायरिंग करते हुए भागे। जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी सुजल के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों मिलकर गाजियाबाद व दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लूट, छिनैती और चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। एसीपी ने बताया कि तीनों आरोपी मुख्यरूप से पशु चोर हैं। अधिकतर घरों के बाहर बंधे पशुओं को चुराकर उन्हें बेचने का काम करते हैं। पशु चोरी के कई मामले तीनों के खिलाफ दर्ज हैं। जिस कार में आरोपी घूम रहे थे वह कार आरोपी सुजल की थी, जिस पर नकली नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को अंजाम देते थे। बताया कि सुजल के खिलाफ लूट, छिनैती व चोरी का माल बरामद होने व आर्म्स एक्ट में एक दर्जन मामले दर्ज हैं। आरोपी संदीप के खिलाफ आधा दर्जन और विशाल पर भी इन अपराधों में आधा दर्जन मुकदमे हैं।
थाना कौशाम्बी पुलिस टीम ने मुठभेड़ में पकड़े तीन अभियुक्त गिरफ्तार। स्रोत पुलिस