गाजियाबाद। इलाज के दाैरान एक पर्शियन बिल्ली किट्टी की माैत का मामला सोमवार को विकास भवन पहुंचा। इसमें बिल्ली की मालकिन ने आरोप लगाया कि बिल्ली का गलत इलाज कर दिया गया। इस वजह से उसकी माैत हो गई। उन्होंने कहा बिल्ली गर्भवती थी और उसके दोनों बच्चों की जान चली गई। इस मामले में लालकुआं की रहने वाली कल्पना ने पशु चिकित्सा अधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मधुबन बापूधाम में शिकायत की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर वह विकास भवन आई हैं। पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एसपी पांडेय ने बताया कि मामला पुलिस से जुड़ा है। इस मामले में पुलिस अगर जानकारी मांगती है तो विभाग जांच करेगा।
बनवाया था बिल्ली का पासपोर्ट
कल्पना ने बताया कि उनकी करीब डेढ़ साल की बिल्ली की 8 अप्रैल को तबीयत खराब हुई थी। वह उसे मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के एक पेट क्लीनिक लेकर गई थीं। जहां कुछ जांच के बाद उसे ड्रिप लगाई गई। इसके बाद उनकी बिल्ली की तबीयत और खराब हो गई। उनका आरोप है कि अगले दिन हुई जांच में सामने आया कि बिल्ली गर्भवती है, लेकिन डाॅक्टर ने बिना जांच के ही इलाज शुरू किया। इस कारण बिल्ली की तबीयत बिगड़ी और नोएडा के अस्पताल में उसकी 9 अप्रैल को माैत हो गई। इस मामले में सुनवाई नहीं होने से परेशान कल्पना ने कहा कि उन्हें किट्टी से लगाव है, उन्हाेंने उसका पासपोर्ट तक बनाया था ताकि कभी बाहर जाना हो तो उसे साथ लेकर जा सकें। उनकी माैत लापरवाही से हुई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है, इस मामले में वह कोर्ट में अर्जी लगाकर मदद मांगेंगी।