लोनी। अंकुर विहार थानाक्षेत्र स्थित नसबंदी कॉलोनी में दिवाली की रात गोली लगने से हुई इरशाद (19) की मौत के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपी दोस्त तेजवीर उर्फ गोलू और संदीप शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। 24 अक्तूबर को पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में गलती से पिस्टल की खींचतान के दौरान गोली चलने की बात कही है। आरोपी संदीप के पास से पुलिस ने अवैध पिस्टल भी बरामद की है। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
नसबंदी कॉलोनी निवासी आदिल ने 21 अक्तूबर को तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया कि 20 अक्तूबर की रात उनके भाई इरशाद की उसी के दोस्तों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीन दिन की तलाश के बाद आरोपी गोलू और संदीप को बृहस्पतिवार की रात धर दबोचा। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में गलती से गोली चलने की बात कही है। आरोपियों ने बताया कि दोनों की इरशाद से अच्छी दोस्ती थी। दिवाली की रात दोनों अपने दोस्त समीर, सूरज, अभिषेक और युसुफ के साथ दावत कर रहे थे। संदीप अपने साथ एक अवैध पिस्टल भी लेकर पहुंचा था। इसे वह दोस्तों को दिखा रहा था।
इस दौरान गोलू ने उससे पिस्टल की छीना झपटी शुरू कर दी। खींचतान में अचानक गोली चली और कमरे के पास खड़े इरशाद को लग गई। घबराहट में सभी युवक मौके से भाग गए। इरशाद भी किसी तरह अपने घर पहुंचा। जब आदिल घायल भाई को लेकर अस्पताल गया तब वहां उसकी मौत हो गई। आरोपी संदीप ने पूछताछ में बताया कि पिस्टल को वह अपने साथ लेकर चला गया था। एसीपी ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया और न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।