मोदीनगर। नगर की एक कॉलोनी से रविवार सुबह दिव्यांग युवती को अगवा करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मेरठ से फेरी लगाने मोदीनगर आया था और बदनीयती से युवती को अगवा कर जंगल में ले गया।
उक्त कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय दिव्यांग युवती रविवार सुबह मोहल्ले की दुकान पर सामान लेने गई थी। तभी बाइक सवार एक फेरी वाले ने युवती को अगवा कर लिया। कुछ दूर बाद उसका दूसरा साथी भी मिल गया। अगवा करने वाले युवती को निवाड़ी स्थित सिखैड़ा के जंगल की तरफ ले गए थे। युवती करीब छह घंटे बाद घायल अवस्था में बरामद हुई थी। घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने थाने में हंगामा किया था। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपी की पहचान कर मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का नाम वकार निवासी जाकिर हुसैन कॉलोनी थाना लोहियानगर मेरठ बताया है। पकड़ा गया आरोपी मेरठ से फेरी लगाकर बाल खरीदने के लिए मोदीनगर आया था। पुलिस को पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बदनीयत से युवती को अगवा कर ले गया था। युवती के शोर मचाने पर पकड़ जाने के डर से वह उसे जंगल में छोड़कर भाग गया था।