गाजियाबाद। मधुबन-बापूधाम क्षेत्र में कार सवार समरजीत सिंह व उनके बेटी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना में दोनों बाल-बाल बच गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मामला जमीनी विवाद का निकला। पुलिस प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना संदिग्ध बता रही है।
ग्राम सदरपुर की खुटैल पट्टी निवासी समरजीत सिंह का कहना है कि मंगलवार दोपहर को वह कार में बेटी को स्कूल से लेकर घर जा रहे थे। जैसे ही वे बुनकर मार्ट से सदरपुर गांव के रास्ते पर पहुंचे तो बाइक सवार दो बदमाश आए और उन पर फायरिंग कर दी। दोनों ने हेलमेट लगाए हुए थे, जिससे वह उन्हें पहचान नहीं सके। उनका कहना है कि गोलियां उनकी कार में लगीं। पुलिस ने बताया कि समरजीत सिंह से पूछताछ में पता चला कि उनका मुरादनगर के गांव जलालपुर-ढिंढार निवासी सोवीर व वीरेंद्र पाल से जमीनी विवाद चल रहा है।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।