गाजियाबाद। सिकरोड गांव में थार सवारों ने कार से जा रहे दो युवकों पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा किया तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कई राउंड हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।
नंदग्राम थाना क्षेत्र के सिकरोड गांव निवासी अंकुर उर्फ सिट्टी (24) और हर्ष कुमार (22) शनिवार सुबह करीब 10 बजे मुख्य सड़क पर स्थित किराना स्टोर से सामान लेकर कार में सवार हुए। इसी दौरान बगैर नंबर की काली थार में सवार चार-पांच युवकों ने उनको निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। आरोपियों ने कई गोलियां दागीं। एक गोली कार की छत से टकराई, जबकि तीन उसके बायें हिस्से में जा धंसीं।
यह देखकर अंकित ने कार दौड़ा दी। दिनदहाड़े गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस पर थार सवार पिस्टल लहराकर ग्रामीणों को पीछे नहीं हटने पर गोली मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। आरोपियों ने जाते-जाते भी कई राउंड फायरिंग की। नंदग्राम थाना प्रभारी व मोरटा चौकी प्रभारी के साथ ही फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पीड़ित हर्ष ने अमित काजला, पंकज चौधरी निवासी गोविंदपुरम और साहिल व एकलव्य पाठक निवासी गुलमोहर सोसायटी, राजनगर एक्सटेंशन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। थार अमित काजला की है।
31 दिसंबर को हुई थी मारपीट, शिकायत के बाद भी लापरवाह बनी रही पुलिस
पीड़ित हर्ष का आरोप है कि चारों आरोपियों ने 31 दिसंबर 2025 की रात उनके साथ मारपीट की थी। तब वह दोस्तों के साथ वीवीआईपी सोसायटी में नए वर्ष का जश्न मनाकर घर लौट रहे थे। पार्किंग में खड़ी कार निकालते समय एक बलेनो कार से उनकी टक्कर हो गई। घटना की शिकायत उन्होंने नंदग्राम थाना पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यही नहीं, इससे नाराज आरोपियों ने शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे उन्हें फोन पर धमकी दी कि ऐसी दर्दनाक मौत देंगे गाजियाबाद में हमारा खौफ दिखेगा।