इंदिरापुरम में पाइप लाइन लीकेज ने रविवार को नोएडा और टीएचए की गंगाजल सप्लाई रोक दी। जल निगम ने रविवार सुबह 50 क्यूसेक गंगाजल प्लांट बंद कर लीकेज ठीक कराई। शाम तक लीकेज तो ठीक हो गई, लेकिन प्लांट देर रात चालू हो पाया।
ऐसे में रविवार शाम लोगों को गंगाजल सप्लाई नहीं मिली। अब सोमवार को भी टीएचए और नोएडा के लोगों को गंगाजल किल्लत से जूझना पड़ेगा। प्लांट प्रभारी आरके अग्रवाल ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे प्लांट बंद कर पाइप लाइन रिपेयरिंग का काम शुरू कर दिया गया था।
शाम करीब साढ़े पांच बजे लाइन रिपेयर कर ली गई। लाइन में की गई रिपेयर को सूखने के लिए छोड़ा गया। देर रात प्लांट चालू कर दिया गया। ऐसे में नोएडा और टीएचए में गंगाजल स्टोर नहीं हो पाया।
अब रात को भी दोनों क्षेत्रों को पानी कम मिला, इसकी वजह से सोमवार को भी दोनों क्षेत्रों की कालोनियों में पानी का संकट रहेगा। हालांकि सोमवार की शाम तक पानी की सप्लाई सामान्य हो जाएगी।