गाजियाबाद। हरनंदीपुरम, एयरोसिटी और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को शहर से जोड़ने वाली आउटर रिंग रोड के निर्माण की कवायद अब शुरू हो गई है। इस कार्य को लेकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की तरफ से टेंडर जारी कर दिया गया है। इसके बाद इस मार्ग को लेकर कार्य भी जल्द ही शुरू करने का दावा किया जा रहा है।
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि आउटर रिंग के लिए 90.91 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग का निर्माण भूमि नहीं मिलने के कारण अटका हुआ था। भूमि मिलने के बाद इस प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। जुलाई तक टेंडर तय हो जाने के बाद कार्य को शुरू करवाया जाएगा। यह कार्य एक वर्ष के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मिलेगी सर्विस रोड
चार लेन का यह मार्ग कई योजनाओं के मुख्य मार्ग के साथ शहर के लिए एक नया रास्ता होगा। सिटी फाॅरेस्ट के पास से सीधा एनपीआर की तरफ लोग जा सकेंगे। आउटर रिंग रोड पर मुख्य मार्ग के साथ सर्विस रोड भी दी जाएगी। ताकि यहां स्थानीय वाहनों को भी निकलने में परेशानी न हो और वह मुख्य मार्ग पर भी बाधा न डालें। साथ ही यहां डिवाइडर, सीवर समेत अन्य कार्य भी किए जाने हैं। यहां 15 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च कर लाइटें भी लगाई जाएंगी।