इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर पांच निवासी मयंक जायसवाल ने अपने मकान मालिक लोकेंद्र सिंह और उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मकान खाली करते समय मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। 10 नवंबर को पुलिस ने मकान मालिक पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मुकदमे में मयंक जायसवाल ने बताया कि 13 जून 2025 को उन्होंने लोकेंद्र सिंह का मकान किराये पर लिया था। यहां वह अपने परिवार के साथ रह रहे थे। 20 सितंबर को मकान मालिक ने खाली करने को कहा। इसके बाद वह 29 सितंबर को वह मकान खाली कर रहे थे। कुछ बचे हुए सामान को निकालते समय मकान मालिक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और उनसे गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर उनसे व परिवार के अन्य सदस्यों से मारपीट की। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।