गन्ना भुगतान समेत अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को रालोद कार्यकर्ताओं ने तहसील पर प्रदर्शन किया। उन्होंने सीडीओ को ज्ञापन सौंपा, साथ ही चेतानवनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा।
मोदी शुगर मिल पर करीब 155 करोड़ बकाया भुगतान को लेकर मंगलवार सुबह रालोद कार्यकर्ताओं ने तहसील पर प्रदर्शन कर सीडीओ कृष्णा करुणेश को ज्ञापन सौंपा। किसान नेताओं ने सीडीओ का बताया कि मोदी शुगर मिल पर किसानों का गन्ना पेराई का गत वर्ष 2015-16 का 130 करोड़ और ब्याज का करीब 25 करोड़ रुपया बकाया है।
इसमें से किसानों को मुश्किल से चार पांच प्रतिशत का ही भुगतान हो सका है। इससे किसानों के सामने परिवार को चलाना मुश्किल हो रहा हे। बच्चों के स्कूल में दाखिले नहीं हो पा रहे हैं।
रालोद नेताओं ने सीडीओ के समक्ष सत्र 2016-17 का गन्ना मूल्य चार सौ रुपये प्रति क्विंटल करने, ग्रामीण क्षेत्र में पुराने बिजली के तारों को बदलवाने, सड़कों की मरम्मत, रजवाहों की सफाई कराने आदि मांगें रखीं। साथ ही यह चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गईं तो वह आंदोलन करेंगे।
सीडीओ ने किसानों को आश्वासन दिया कि वह उनकी मांग से जिलाधिकारी को अवगत करा देंगे। प्रदर्शन में सतेंद्र तोमर, बिट्टू खंजरपुर, गौरव ढाका, रामभरोसे मौर्य, उमेद सिंह ,जितेंद्र सिंह, वरुण दहिया, हरेंद्र सिंह, सत्यपाल और चंद्रवीर आदि शामिल रहे।