खोड़ा थानाक्षेत्र के पवन विहार में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर रविवार को एक किशोर की मौत हो गई। अस्पताल में मृत घोषित होने के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने को लेकर जमकर हंगामा किया।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पवन विहार निवासी जमशेद का एक मंजिला मकान है। रविवार को उनका बेटा गुलाम रजा (9) बालकनी में खेल रहा था। तभी बालकनी के पास से होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। नीचे मौजूद लोगों ने जैसे ही हादसा देखा तुरंत घर वालों को जानकारी दी।
परिजन किशोर को नजदीक के ही निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर जब पुलिस पहुंची तब परिजन पोस्टमार्टम न कराने की बात कहने लगे और हंगामा कर दिया। काफी देर की बातचीत के बाद पुलिस ने परिजनों को मनाया और शव को मोर्चरी भेजा। एसीपी ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा।