यह घटना लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बंथला नहर रोड की है। शौकत परिवार के साथ लोनी के मुस्तफाबाद कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि उनका छोटा बेटा जैद(17) सोमवार को कॉलोनी में रहने वाले दो दोस्त नदीम और इब्राहीम के साथ बेहटा हाजीपुर नहर रोड स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने गया था।
स्विमिंग पूल से लौटते समय उसकी बाइक सामने से आ रही कार की साइड से टकरा गई। आरेाप है कि कार सवार दो युवकों ने बाइक चला रहे जैद को पीटा और कार में अगवा कर कुछ दूर प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में ले गए। कार सवार युवकों ने जैद के साथ मारपीट की जिससे वह बेहोश हो गया। दोनों दोस्त पीछा करते हुए वहां पहुंचे, जिस पर आरोपी फरार हो गए। दोस्त ई-रिक्शा से घायल जैद को घर लेकर पहुंचे।
दोस्तों ने परिवार के लोगों को घटना की पूरी जानकारी दी। आनन-फानन परिवार के लोग जैद को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले कर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। कार सवार आरोपियों की पहचान के लिए आसपास की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। परिवार की तरफ से अभी शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारण का पता चलेगा।