साहिबाबाद। टीलामोड़ थानाक्षेत्र की रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी घर से ट्यूशन जाने के लिए निकली और लापता हो गई। न तो वह ट्यूशन पहुंची और घर भी नहीं लौटी। किशोरी को लापता हुए छह दिन बीत चुके हैं। पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वहीं इंदिरापुरम थानाक्षेत्र में भी 18 वर्षीय किशोरी के घर से लापता होने का मामला सामने आया है। हालांकि किशोरी के पिता ने एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
टीलामोड़ क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी आठ अप्रैल की दोपहर करीब 12 बजे ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। ट्यूशन में छानबीन करने पर पता चला कि बेटी वहां भी नहीं पहुंची थी। पुलिस ने छह दिन बाद परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। वहीं इंदिरापुरम निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी को क्षेत्र का ही रहने वाला एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। डीसीपी निमिष पाटील ने बताया कि दोनों किशोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों थानों की पुलिस टीम सीसीटीवी खंगालते हुए किशोरियों को खोज रही है। कुछ फुटेज हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।