गाजियाबाद के गुलावठी क्षेत्र के गांव चिड़ावक के संविलियन विद्यालय में एक शिक्षक ने कक्षा दो के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। छात्र के पिता ने खंड शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र देकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बीईओ ने मामले की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट बीएसए को भेजी है।
गांव चिड़ावक निवासी मोहम्मद इश्तकार का पुत्र मोहम्मद अयान गांव के संविलियन विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ता है। अयान के पिता ने खंड शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र देकर कहा है कि उसका पुत्र अयान विद्यालय गया था। शिक्षक ने अयान को कक्षा का मॉनीटर बना दिया। अयान से कहा कि कोई भी बच्चा कक्षा में शोर न मचाए। यह कहते हुए शिक्षक मोबाइल पर बात करते हुए कक्षा से चले गया। लेकिन कक्षा में छात्रों ने शोर मचा दिया। अयान के कहने पर भी छात्र चुप नहीं हुए। तभी शिक्षक ने कक्षा में आकर अयान की पिटाई कर दी।
आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा। जिससे छात्र अयान के शरीर पर कई जगह पिटाई के निशान बन गए। पिता के अनुसार उसका पुत्र घर आकर बेहोश हो गया। शिकायत मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने मौके पर जाकर मामले की जांच की। छात्र एवं शिक्षक से भी जानकारी ली। घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है। उधर, खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा शर्मा ने बताया कि वह मौके पर गई थी और मामले की जांच की। उन्होंने बालक व उसके परिजनों तथा ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को घटना से अवगत कराते हुए अपनी जांच रिपोर्ट भेज दी है। उन्होंने बताया कि बालक को आईं चोटें गंभीर हैं।