गाजियाबाद। सहारनपुर से बाइक पर वडोदरा (गुजरात) जा रहे शेफ से दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दिनदहाड़े बाइक, मोबाइल और आठ हजार रुपये लूट लिए। शेफ की बाइक को चोरी की बताकर दोनों बदमाश उसे थाने ले जाने के बहाने करीब डेढ़-दो घंटे तक घुमाते रहे और मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र में सुनसान इलाके में ले जाकर तमंचे के बल पर लूटपाट कर छोड़कर भाग गए। उनका आरोप है कि पुलिस ने लूटपाट की घटना छुपाकर तहरीर लिखवाई और धोखाधड़ी व चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली है।
सहारनपुर के बेहट की भगवती काॅलोनी में रहने वाले अभिनव सिंघल वडोदरा में एक रेस्तरां में शेफ की नौकरी करते हैं। होली पर परिजनों से मिलने सहारनपुर घर आए अभिनव सिंघल सात अप्रैल को गुजरात नंबर की अपनी बाइक से वडोदरा लौट रहे थे। मेरठ रोड पर दुहाई के पास दाेपहर करीब 12:30 बजे वह सड़क किनारे एक दुकान पर चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान बाइक पर गुजरात का नंबर देख सादे कपड़ों में दो युवक आए। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते कहा कि यह बाइक चोरी की है। इसके कागजात दिखाओ। उन्होंने कहा कि बाइक चोरी की नहीं है, बल्कि उनकी अपनी है और उसके दस्तावेज भी उनके पास हैं। इस पर दोनों बदमाशों ने उन्हें कहा कि थाने चलो, वहां अपने दस्तावेज दिखाना। अभिनव का कहना है कि दोनों बदमाशों ने उसे बाइक पर बीच में बैठा लिया और थाने ले जाने के बहाने चल दिए। पहले वह थाना मधुबन बापूधाम के बाहर पहुंचे और फिर थाने में जाने की बजाय यहां से आगे चल दिए। शक होने पर अभिनव ने उनका विरोध किया तो पीछे बैठे बदमाश ने उनकी कमर पर तमंचा लगाकर गोली मारने की धमकी दी। सूनसान इलाके में ले जाकर दोनों ने पिटाई की और बाइक, मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए। अभिनव का कहना है कि वह राहगीरों से रास्ता पूछकर पैदल गुलधर स्टेशन और वहां से ट्रेन में सवार होकर सहारनपुर घर पहुंचे। वह अगले दिन पिता सतीश कुमार के साथ गाजियाबाद आए। उनका कहना है कि दो दिन तक पुलिस ने उन्हें साथ लेकर घटनास्थल का मुआयना किया और पूछताछ की। इसके आधार पर उन्होंने तहरीर लिखवा ली। पुलिस ने उन्हें बताया कि कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों को ट्रेस कर रोहताश यादव और गौरव चौधरी निवासी मोरटा को गिरफ्तार किया है। उनकी बाइक भी बरामद कर ली गई है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि घटना के बाद आसपास के कई सीसीटीवी से फुटेज ली गई थीं। इसमें आरोपी और अभिनव बात करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
पिता को फोन कराकर खाते में 15 हजार मंगाने का प्रयास किया
अभिनव के पिता सतीश कुमार स्कूल बस पर ड्राइवर हैं। उन्होंने बताया कि घटना के दिन लूटपाट करने वालों ने अभिनव से उन्हें फोन कराया। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि अभिनव को हम छोड़ देंगे, तुम इसके बैंक खाते में 15 हजार रुपये डाल दो। उन्होंने 15 हजार रुपये न होने की बात कही और कहा कि अभिनव के पास आठ हजार रुपये हैं। इसके बाद उन्होंने फोन डिस्कनेक्ट कर दिया।