इंदिरापुरम। हिंडन एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार शिक्षक की जान ले ली। हादसा यूपी गेट से गाजियाबाद की ओर जाने वाली सड़क पर प्रह्लादगढ़ी चौकी क्षेत्र में हुआ। वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी। वह दिल्ली के पुरानी कोंडली से संजयनगर सेक्टर-23 स्थित भागीरथ स्कूल में पढ़ाने के लिए निकले थे।
परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद पुलिस उनको फुटेज उपलब्ध नहीं करा रही है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शिक्षक की पत्नी की शिकायत पर रविवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
परिजनों के अनुसार, पुरानी कोंडली निवासी डॉ. नितिन निर्वाण (35) भागीरथ स्कूल में कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को विज्ञान पढ़ाते थे। साथ ही घर पर जरूरतमंद विद्यार्थियों को नीट की तैयारी कराते थे। उनके भाई पंकज निर्वाण ने बताया कि वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह बाइक से स्कूल के लिए निकले थे। करीब छह बजे एलिवेटेड रोड पर पहुंचते ही तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
राहगीरों ने एंबुलेंस को सूचना दी और घायल नितिन को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने एंबुलेंस पहुंचने में देरी का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि एंबुलेंस हादसे की सूचना देने के करीब एक घंटा बाद पहुंची। एंबुलेंस समय पर पहुंच जाती तो शायद नितिन की जान बच सकती थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
नौ महीने पहले हुई थी शादी, पांच महीने की गर्भवती हैं पत्नी
पंकज ने बताया कि नितिन तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी पिछले साल 23 नवंबर को मेरठ के परतापुर निवासी काजल से हुई थी। काजल पांच महीने की गर्भवती हैं। नितिन की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए सबसे बड़ा सदमा यह है कि जिस बच्चे के आने का इंतजार था, उसके जन्म से पहले ही उसके सिर से पिता का साया उठ गया।
पोस्टमार्टम हाउस कर्मचारियों पर अवैध वसूली के आरोप
भाई पंकज का आरोप है कि पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों ने उनसे पैसे मांगे। उनसे कहा गया कि रूई, कपड़े और अन्य सामान के लिए पैसे देने होंगे, तभी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होगी। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस से भी शिकायत की है।
सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे छात्र
पंकज ने बताया कि नितिन ने 150 से अधिक नीट अभ्यर्थियों को निशुल्क तैयारी कराने में मदद की थी। उनकी मौत की खबर छात्रों तक पहुंची तो वे भी गमगीन हो गए। कई छात्रों ने उनकी याद में सोशल मीडिया पर संदेश पोस्ट किए।