मुरादनगर। एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं के यौन शोषण के मामले में आरोपी शिक्षक राजू सैफी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि मुरादनगर थानाक्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक राजू सैफी ने कई छात्राओं का यौन शोषण किया था। अगस्त में अभिभावकों ने शिक्षक की जमकर धुनाई भी की थी। मामला तूल पकड़ता देखकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई थी। जांच कमेटी से 14 दिन के अंदर रिपोर्ट देने को कहा गया था। अभिभावकों का आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। बस खानापूर्ति के लिए उसका तबादला कर दिया गया। ऑल स्कूल पेरेंट्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव सचिन सोनी ने इस संबंध में समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री असीम अरुण को शिकायती पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की थी। असीम अरुण ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। एसीपी मसूरी सर्किल सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार रात को आरोपी शिक्षक राजू सैफी को गिरफ्तार कर लिया है।