गाजियाबाद। जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की करीब 44 हजार किशोरियों को 31 अगस्त तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है, इनमें से लगभग दस हजार किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है। शासन ने स्वास्थ्य विभाग को निर्धारित आयु वर्ग की सभी किशोरियों को टीका लगाने का निर्देश जारी किया है। लक्ष्य पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण अभियान को तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
जिले में एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत 11 मार्च 2026 को की गई थी। शुरुआत में टीकाकरण के लिए जिला महिला अस्पताल में केंद्र बनाया गया था। हालांकि, दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली किशोरियों को जिला महिला अस्पताल पहुंचने में परेशानी होती थी। इसके कारण टीकाकरण की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं बढ़ सकी। इसके बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीकाकरण की सुविधा शुरू कर दी। प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले आरोग्य मेले में भी किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया जाने लगा। अब जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित रूप से टीकाकरण किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किशोरियों तक पहुंच बनाई जा सके।
33 हजार को लगाया जाना है टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि मिशन निदेशक के निर्देश पर जिले में टीकाकरण अभियान को गति देने की तैयारी की जा रही है। जिले को 44 हजार किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य मिला है। अब तक करीब 10 हजार किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। लक्ष्य पूरा करने के लिए सरकारी और निजी स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें छात्राओं और अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन वैश्य ने बताया कि किशोरियों को गंभीर बीमारी से बचाव के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीकाकरण जरूरी है। निर्धारित आयु वर्ग की सभी किशोरियों को समय पर टीका लगवाने के लिए अभिभावकों से अपील की गई है।