मोदीनगर। नगर में टप्पेबाजों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। टप्पेबाजों के निशाने पर बैंक में लेनदेन करने वाले बुजुर्ग और सीधे साधे लोग है। बीते पांच दिनों में नगर के अलग-अलग इलाकों में टप्पेबाजी की तीन घटनाएं सामने आई है। इससे पहले टप्पेबाजों ने एक ही दिन में बैंक में लेनदेन करने वाले दो बुजुर्गों से रकम ऐंठ ली थी। पुलिस अभी तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।
नगर के गोविंदपुरी क्षेत्र स्थित वैशाली कॉलोनी निवासी महिला हेमलता के पति का देहांत हो चुका है और वह घर पर अकेली रहती हैं। उन्होंने बताया कि बीते शनिवार दोपहर वह घर पर थीं, तभी एक बाइक सवार वहां पहुंचा और उनके मकान के बराबर में पड़े प्लॉट का मालिक बताया। आरोपी ने हेमलता को झांसा दिया कि उन्हें अपने प्लॉट में सबमर्सिबल कराना है। उसके लिए ई-रिक्शा में सबमर्सिबल का सामान आ रहा है आप सामान घर में रखवा लेना। आरोपी ने हेमलता को झांसे में लेने के बाद किसी अन्य जरूरी सामान खरीदारी के लिए 15 हजार रुपये उधार मांगे। झांसे में आई हेमलता ने टप्पेबाज को 15 हजार रुपये दे दिए। काफी देर तक भी जब कोई नहीं पहुंचा तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसके अलावा बीते सोमवार को नगर की इंद्रापुरी निवासी कमल डागर से आरोपी ने 25 हजार ठग लिए। वहीं, बुधवार को गांव कादराबाद में टप्पेबाज ने मकान निर्माण कर रहें ग्रामीण चंद्रपाल कश्यप से ईंट आपूर्ति के नाम पर 30 हजार रुपये ठग लिए। तीनों घटनाओं में एक ही आरोपी की फुटेज सामने आ रही है। पूर्व प्रधान पति कपिल चौधरी ने बताया कि बाइक पर लिखा नंबर बुलेट का निकला है। आरोप है कि पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। वहीं एसीपी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।