गाजियाबाद। इंदिरापुरम योजना की सुविधाओं को टेकओवर करने की नगर निगम जल्द प्रक्रिया शुरू करेगा। निगम की ओर से शुरुआत में उद्यान से जुड़े पार्क, हरित पट्टियों और सेंट्रल वर्ज की सुविधाओं को लिया जाएगा। हैंडओवर लेने के मामले में निगम को शासन से अनुमति मिल चुकी है। ऐसे में निगम अधिकारियों की ओर से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के साथ अगले माह से चौथी बार संयुक्त सर्वे शुरू किया जाएगा।
निगम की योजना इंदिरापुरम की सफाई और बिजली की व्यवस्था को भी लेने की है। अप्रैल में संयुक्त सर्वे की रिपोर्ट तैयार होने के बाद सुविधाओं को विकसित करने के लिए खर्च होने वाले फंड का पता चल सकेगा। इस खर्च का वहन जीडीए को करना होगा। फिर तीनों सुविधाओं को टेकओवर करने की प्रक्रिया विधिवत शुरू होगी। नगर आयुक्त नितिन गौड़ का कहना है कि इंदिरापुरम की उद्यान से जुड़ी तीन व्यवस्थाओं को लेने के लिए अगले माह से संयुक्त सर्वे शुरू होगा। सर्वे में सुविधाओं के विकास खर्च होने वाले फंड को प्राधिकरण से लिया जाएगा।
दूसरी सर्वे रिपोर्ट में मांगे 365 करोड़, जीडीए हटा पीछे
इंदिरापुरम योजना को जीडीए नगर निगम को हैंडओवर करने के लिए तैयार है। 2019 में हुए पहले संयुक्त सर्वे का कोई नतीजा नहीं निकला। फिर दूसरे संयुक्त सर्वे के बाद निगम ने जीडीए से 365 और फिर तीसरे सर्वे के बाद 263 करोड़ की मांग करने पर जीडीए पीछे हट गया। निगम ने कई सुविधाओं को नए सिरे से विकसित करने का हवाला देकर फंड की मांग की थी।