गाजियाबाद। मुख्यमंत्री के रोड शो कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। मुख्यमंत्री के काफिले के आगे पुलिस कमिश्नर अजय मिश्र ने खुद कमान संभाली। साथ ही सीएम के चारों ओर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) और एटीएस की टीम इर्द-गिर्द नजरें बनाएं रहीं। रोड शो की ड्रोन से वीडियोग्राफी की गई।
चप्पे-चप्पे पर स्थानीय पुलिस तैनात रही। करीब एक एक हजार पुलिसकर्मी तैनात रहे। मुख्यमंत्री के करीब 50 मिनट के कार्यक्रम से करीब चार घंटे तक रूट डायवर्जन रहा। शाम छह बजे मुख्यमंत्री के रवाना होने के बाद शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मेरठ रोड और विजयनगर क्षेत्र में राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर अलीगढ़ से हिंडन एयरपोर्ट पर करीब पांच बजे उतरा। इस दौरान मोहननगर से मेरठ तिराहा आने वाले वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से राजनगर एक्सटेंशन रोड, हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन, जीटी रोड पर घंटाघर, चौधरी मोड़ होते हुए धोबीघाट आरओबी से कार्यक्रम स्थल चाणक्य चौक पहुंचे। डीएवी चौक पर कार्यक्रम समापन के बाद वह करीब शाम छह बजे सिद्धार्थ विहार, न्यू लिंक रोड से होते हुए राजनगर एक्सटेंशन रोड से एलिवेटेड रोड के जरिये दिल्ली चले गए।
दिल्ली में मुख्यमंत्री दो कार्यक्रमों में भाग लेकर एलिवेटेड रोड से वापस रात करीब सवा आठ बजे हिंडन एयरफोर्स स्टेशन लखनऊ के लिए रवाना हो गए। जीटी रोड, हापुड़ तिराहा, मेरठ तिराहे, राजनगर एक्सटेंशन मुख्य मार्ग, चौधरी मोड़ पर डायवर्जन के कारण वाहन चालक ज्यादा परेशान रहे। कुछ लोगों ने नगर के संपर्क मार्गों का सहारा लिया।
वहीं, चौधरी मोड से रेलवे पुल की ओर जाने वाले रास्ते पर भी रूट डायवर्जन कर दिया गया। विजयनगर और प्रताप विहार के संपर्क मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई थी। रोड शो के दौरान ड्रोन से वीडियोग्राफी हुई। मुख्यमंत्री के इर्द-गिर्द एसपीजी के कमांडो निगरानी बनाए रहे।
सीएम के कार्यक्रम के दौरान कुछ देर के लिए ही रूट डायवर्जन किया गया। जाम न लगे इसके लिए फोर्स तैनात की गई थी। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए पहले से ही पुख्ता इंतजाम कर लिए गए थे।
- पीयूष कुमार, एडीसीपी यातायात